प्रशिक्षित आरएचओ महिलाएमपीडब्ल्यू महिला की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी 7 दिवस में दावा-आपत्ति आमंत्रित
अम्बिकापुर, 06 जुलाई 2026/ sns/- सरगुजा संभाग के अधीनस्थ विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में कार्यरत जी.एन.एम., बी.एससी. (नर्सिंग), पोस्ट बी.एससी. (नर्सिंग) अथवा सिस्टर ट्यूटर पाठ्यक्रम उत्तीर्ण ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (आरएचओ) महिला/बहुउद्देशीय कार्यकर्ता (एमपीडब्ल्यू) महिला के पद पर कार्यरत कर्मचारियों की जिला स्तर से प्राप्त जानकारी के आधार पर 01 अप्रैल 2026 की स्थिति दर्शाने वाली अनंतिम (प्रोविजनल) वरिष्ठता सूची का प्रकाशन किया गया है। उक्त अनंतिम वरिष्ठता सूची का अवलोकन कार्यालय के सूचना पटल के साथ-साथ जिला सरगुजा की शासकीय वेबसाइट पर किया जा सकता है।
सूची में दर्ज प्रविष्टियों में यदि किसी प्रकार की त्रुटि, विसंगति अथवा किसी पात्र कर्मचारी का नाम सम्मिलित होने से छूट गया हो, तो संबंधित कर्मचारी प्रमाणित दस्तावेजों सहित सूची प्रकाशन की तिथि से 7 दिवस के भीतर अपना दावा-आपत्ति अथवा अभ्यावेदन संबंधित कार्यालय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं।
निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। समयावधि समाप्त होने के उपरांत प्राप्त अभ्यावेदनों के आधार पर अंतिम वरिष्ठता सूची, चयन एवं प्रतीक्षा सूची प्रकाशित करते हुए विभागीय पदोन्नति की कार्यवाही की जाएगी। यदि निर्धारित अवधि में कोई दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं होती है, तो प्रकाशित अनंतिम वरिष्ठता सूची को अंतिम मान लिया जाएगा। ऐसी स्थिति में सूची में शेष रहने वाली किसी भी त्रुटि अथवा विसंगति के लिए संबंधित कर्मचारी अथवा संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी उत्तरदायी होंगे।