जनदर्शन कलेक्टर ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

मुंगेली, 30 जून 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम पथरताल के भरत लाल ने श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने, ग्राम रजपुरा के द्वारिका ने विद्युत पोल स्थापित कराने, ग्राम चंदरगढ़ी की भावना प्रजापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत कराने तथा ग्राम दानोखार की आदिवासी मछुआरा सहकारी मर्यादित समिति के सदस्यों ने समिति का पंजीयन कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी प्रकार ग्राम देवरी के ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण, नगर पंचायत जरहागांव के दिव्यांग तरुण कश्यप ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ग्राम गीतपुरी के शालिग्राम यादव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम गुटेली के ग्रामीणों ने पेयजल सुविधा के लिए बोर खनन कराने की मांग रखी।
इसके अलावा ग्राम घोरबंदा के उमेंदा ने आधार कार्ड बनवाने, ग्राम डाड़गांव की मीना ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, ग्राम महामाई की पार्वती मरकाम ने राशन कार्ड को अन्य उचित मूल्य दुकान में स्थानांतरित कराने, ग्राम परसा कप के हरिप्रसाद ने नक्शा-बटांकन में सुधार तथा ग्राम सीलदहा के निर्मल वर्मा ने भूमि नामांतरण संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जनदर्शन शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author