प्रशासन की सक्रियता से किसानों को मिली राहत
सुकमा, 06 जूलाई 2026/sns/- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुकमा जिला प्रशासन ने खरीफ सीजन से पहले किसानों के लिए खाद एवं उन्नत बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कर प्रशासनिक तत्परता का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया है। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक कृषि आदानों की सुचारू आपूर्ति की व्यवस्था की गई, जिससे किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर बोआई की तैयारी करने में सुविधा मिल रही है। प्रशासन की सक्रिय और पारदर्शी कार्यप्रणाली से किसानों में उत्साह का माहौल है तथा वे पूरे विश्वास के साथ खरीफ सीजन की खेती में जुट गए हैं।
जिले के रानीबहाल निवासी प्रगतिशील किसान श्री हड़मा राम मरकाम प्रशासन की इस व्यवस्था से सीधे लाभान्वित हुए हैं। लगभग 32 एकड़ कृषि भूमि वाले किसान को छिंदगढ़ सहकारी समिति के माध्यम से उनकी आवश्यकता के अनुरूप 3 लाख 50 हजार रुपये का सब्सिडीयुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्होंने समय पर खाद और उन्नत बीज प्राप्त कर खेती की तैयारियां पूरी कीं। किसान ने प्रशासन की समयबद्ध व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे आर्थिक दबाव कम हुआ और खेती का कार्य सुचारू रूप से शुरू हो सका।
जिला प्रशासन किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर भी कड़ी निगरानी रख रहा है। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं, जिससे किसानों को उचित मूल्य पर कृषि सामग्री उपलब्ध हो रही है। प्रशासन की किसान-केंद्रित कार्यशैली से अन्नदाताओं का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा उन्हें उम्मीद है कि इस बार का खरीफ सीजन बेहतर उत्पादन और समृद्धि लेकर आएगा।