डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

कवर्धा, 06 जुलाई 2026/sns/- कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा प्रदत्त डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए वर्ष 2026 के लिए कृषकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक कृषक 31 जुलाई 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उप संचालक कृषि कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरस्कार के लिए आवेदन पत्र उप संचालक कृषि कार्यालय तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। निर्धारित प्रपत्र में पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र संबंधित कार्यालय में अंतिम तिथि तक जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ अधिकतम दो पृष्ठों की सफलता की कहानी तथा संबंधित छायाचित्र एवं वीडियो की सीडी संलग्न करना अनिवार्य होगा। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के अंतर्गत चयनित कृषक को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार का वितरण 1 नवम्बर 2026 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर किया जाएगा। पुरस्कार के लिए वही कृषक पात्र होंगे जो पिछले 10 वर्षों से छत्तीसगढ़ में कृषि कार्य कर रहे हों, राज्य के मूल निवासी हों तथा उनकी कुल वार्षिक आय का कम से कम 75 प्रतिशत भाग कृषि से प्राप्त होता हो। साथ ही, आवेदक पर तकाबी, सिंचाई शुल्क अथवा सहकारी बैंक का कालातीत ऋण नहीं होना चाहिए।
कृषकों का चयन फसल विविधीकरण, उत्पादकता वृद्धि के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, उन्नत कृषि तकनीक के प्रचार-प्रसार, अन्य किसानों को प्रेरित करने, विगत तीन वर्षों की उत्पादकता, कृषि एवं सहयोगी क्षेत्रों में नवाचार, समन्वित कृषि प्रणाली, भूमि एवं जल संरक्षण, कृषि संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा कृषि विपणन में योगदान जैसे विभिन्न मापदण्डों के आधार पर किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन विकासखंड स्तरीय डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार छानबीन समिति द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत जिला स्तरीय छानबीन समिति एवं राज्य स्तरीय जूरी द्वारा अंतिम चयन किया जाएगा, जिसका निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।

About The Author