मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना की प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित

रायगढ़, 6 जुलाई 2026/sns/- मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों के चयन हेतु 5 जुलाई 2026 को आयोजित प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, रायगढ़ ने बताया कि आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर के निर्देशों के परिपालन में परीक्षा परिणाम जारी किया गया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी विकासखंड स्तर पर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला रायगढ़ तथा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रदर्शित मेरिट सूची का अवलोकन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी विद्यार्थी के नाम, व्यक्तिगत विवरण अथवा अन्य अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि हो, तो संबंधित विद्यार्थी को स्वयं उपस्थित होकर कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जिला रायगढ़ में दावा-आपत्ति आवेदन प्रस्तुत करना होगा। डाक अथवा अन्य माध्यम से प्राप्त दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

About The Author