जान है तो जहान है मानसून में बिजली से सतर्कता जरूरी

राजनांदगांव कवर्धा, 07 जुलाई 2026/sns/- बरसात के मौसम में नमी और पानी के कारण बिजली के करंट का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, राजनांदगांव क्षेत्र ने आमजन की सुरक्षा के लिए अलर्ट जारी किया है। 

कंपनी ने *राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी* जिलों के समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़ी दुर्घटना से बच सकते हैं।

*क्यों बढ़ जाता है खतरा?*

बरसात में बिजली के खंभे, एचटी-एलटी लाइन, ट्रांसफार्मर और घरों की वायरिंग में नमी के कारण करंट लीकेज की संभावना बढ़ जाती है। हर साल लापरवाही के कारण करंट लगने से जनहानि की खबरें सामने आती हैं। इसका मुख्य कारण जानकारी का अभाव और असावधानी है।

*विभाग की अपील – ये सावधानियां जरूर बरतें:*

*1. टूटे तार और खंभों के संबंध में:*

– आंधी-तूफान में यदि खंभा, तार टूटकर गिरा हो या लाइन में स्पार्किंग हो रही हो तो उसके पास न जाएं। 

– इसकी सूचना तुरंत कंपनी के टोल फ्री नंबर *1912*, *मोर बिजली एप* या नजदीकी वितरण केंद्र/जोन कार्यालय को दें।

– नदी, नालों, तालाबों में तार गिरा हो तो उसमें प्रवेश न करें।

*2. घर और खेत की सुरक्षा:*

– गीले हाथों से स्विच, प्लग या विद्युत उपकरणों को न छुएं। पैर सूखे रखें और रबर/प्लास्टिक के जूते पहनें।

– घरों/खेतों में केवल गुणवत्तापूर्ण विद्युत उपकरणों का उपयोग करें। कटी-फटी सर्विस लाइन का उपयोग न करें।

– खेतों की बाड़/कंटीले तार में विद्युत प्रवाहित करना गैरकानूनी है। इससे जान जा सकती है और दोषी पर कानूनी कार्रवाई होगी।

– कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभे और स्टे तार का उपयोग न करें।

– बिजली लाइनों के नीचे और आसपास स्थायी/अस्थायी निर्माण न करें।

*3. बच्चों और अनाधिकृत कार्य:*

– बच्चों को खंभे, ट्रांसफार्मर, डीपी के पास खेलने न दें।

– विद्युत लाइनों, उपकरणों, ट्रांसफार्मर में खराबी आने पर स्वयं सुधारने का प्रयास न करें। इसकी सूचना लाइनमैन/कनिष्ठ अभियंता को दें।

– बिजली लाइनों से सीधे हुकिंग कर अनाधिकृत उपयोग न करें। यह जानलेवा हो सकता है।

*यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो:*

1.  तुरंत मेन स्विच बंद कर दें। 

2.  यदि स्विच बंद न कर सकें तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े से व्यक्ति को तार से अलग करें। नंगे हाथ न छुएं, वरना आपको भी झटका लग सकता है।

3.  दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को सुखी जगह पर लिटाएं, प्राथमिक उपचार दें और तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।

*मुख्य अभियंता का संदेश*

*CSPDCL राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम* ने कहा कि “आंधी-तूफान और बारिश बिजली कर्मियों के लिए युद्ध के मैदान जैसी स्थिति होती है। फीडर में फाल्ट ढूंढना आसान नहीं होता। अंधेरे और बारिश में भी हमारे कर्मचारी लाइन सुधार में जुटे रहते हैं।”

उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा, “बिजली आपूर्ति बाधित होने पर 5-10 मिनट रुक कर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं। विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन में आपकी सतर्कता बहुत जरूरी है। जरा सी छेड़छाड़ से बड़ा हादसा हो सकता है।”

अंत में उन्होंने कहा, *”आपका जीवन अमूल्य है। थोड़ी सी जागरूकता से आप न केवल अपने घर को बल्कि पूरे परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।”*

About The Author