15 साल बाद गूंजी किलकारी जिला अस्पताल कबीरधाम में सफल ऑपरेशन से स्वस्थ नवजात का जन्म
कवर्धा, 07 जुलाई 2026/sns/- जिला अस्पताल कबीरधाम के चिकित्सकों ने एक दंपति के 15 वर्षों के लंबे इंतजार को खुशियों में बदलते हुए एलएससीएस (सीजेरियन ऑपरेशन) के माध्यम से 2.970 किलोग्राम वजन के स्वस्थ नवजात शिशु का सफलतापूर्वक जन्म कराया। जटिल गर्भावस्था के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सकों की सतर्कता और समन्वित प्रयासों से ऑपरेशन सफल रहा। वर्तमान में माँ और नवजात दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं। प्रसूता को प्रसव पीड़ा के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान सुरक्षित प्रसव के लिए एलएससीएस आवश्यक पाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने समय पर निर्णय लेते हुए सफल ऑपरेशन किया। जन्म के समय नवजात का वजन 2.970 किलोग्राम पाया गया, जो संतोषजनक है।
परिजनों ने बताया कि विवाह के 15 वर्षों बाद उनके घर संतान का जन्म हुआ है। वर्षों के इंतजार के बाद नवजात की किलकारी सुनकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने जिला अस्पताल की पूरी चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के कारण उनका वर्षों पुराना सपना साकार हुआ। इस सफल ऑपरेशन में डॉ. मंजुषा यादव (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ) के नेतृत्व में डॉ. त्रिभुवन जायसवाल (चिकित्सा अधिकारी), एनेस्थीसिया विभाग, नर्सिंग स्टाफ एवं ऑपरेशन थिएटर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सिविल सर्जन डॉ. केशव धुव्र ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिला अस्पताल कबीरधाम में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और टीमवर्क के कारण जटिल से जटिल प्रसव भी सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराएं तथा सुरक्षित संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता दें। यह सफलता जिला अस्पताल कबीरधाम में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और समर्पित चिकित्सा टीम की उत्कृष्ट कार्यशैली का एक और प्रमाण है।