राष्ट्रीय कृषि विकास योजना से मिली सिंचाई की सुविधा

अम्बिकापुर, 07 जुलाई 2026/sns/-   राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आर.के.वी.वाई.) के अंतर्गत किसानों को सिंचाई सुविधाओं से जोड़कर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के सरईटिकरा ग्राम पंचायत के किसान श्री शिवनंदन राम, पिता श्री कुंवर साय, को योजना के तहत सेलो बोर की सुविधा मिलने से उनकी खेती को नई दिशा मिली है। सिंचाई की स्थायी व्यवस्था होने से अब वे वर्षभर विभिन्न फसलों की खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं।

किसान श्री शिवनंदन राम ने बताया कि पहले सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण खेती पूरी तरह वर्षा पर निर्भर थी, जिससे उत्पादन प्रभावित होता था। कृषि विभाग के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के सहयोग से उनके खेत में सेलो बोर स्थापित कराया गया। योजना के तहत उन्हें अनुदान का लाभ भी प्राप्त हुआ, जिससे बोर स्थापना की लागत का बड़ा हिस्सा कम हो गया।

उन्होंने बताया कि अब खेत में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होने से वे धान, उड़द, टमाटर, बैंगन, भिंडी तथा अन्य मौसमी सब्जियों की खेती आसानी से कर पा रहे हैं। सिंचाई सुविधा मिलने से फसलों की गुणवत्ता एवं उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे परिवार की आय बढ़ी है और खेती अधिक लाभकारी बन गई है।

श्री शिवनंदन राम ने कहा कि पहले पानी की कमी के कारण खेती सीमित थी, लेकिन अब सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से बहुफसली खेती संभव हो गई है। समय पर सिंचाई होने से फसलें बेहतर विकसित हो रही हैं और बाजार में अच्छी कीमत भी मिल रही है।

उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के माध्यम से मिली इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाएं ग्रामीण किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।

About The Author