सभी पीएचसी में एंटी वेनम वेक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो -कलेक्टर

बलौदाबाजार, 7 जून 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय -सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने बारिश के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में एंटी वेनम वेक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने कहा कि अस्पतालों में स्टॉफ सहित सभी बुनियादी सुविधाएं सुलभ हो, मौसमी बीमारियों से निपटाने सभी स्वास्थ्य अमले अलर्ट मोड़ पर रहे। विकासखंड स्तर पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम हमेशा सतर्क हो और सूचना प्राप्त करे। किसी भी क्षेत्र में महामारी की सूचना मिलने पर तत्काल टीम पहुँच जाना चाहिए। उन्होने कहा कि बारिश के मौसम में खान -पान,शुद्ध पेयजल आदि के सम्बन्ध में जागरूकता अभियान चलाएं। मितानिन की दवा पेटी में सभी बुनियादी दवाई उपलब्ध हो। मितानिन हर दिन गृह भेंट कर ग्रामीणों से मिलकर हाल चाल जाने और किसी की तबियत खराब हो तो उसकी सूचना पीएचसी को देना चाहिए। कलेक्टर ने पीएचई विभाग के अधिकारियो को विभिन्न पेयजल स्रोतो का वाटर टेस्टिंग एवं क्लोरिनीकरण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री शर्मा ने विगत दिनों से जिले में हो रही तेज बारिश के कारण नदी -नालो का जल स्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति में पशु एवं जन सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए राजस्व,पुलिस एवं आपदा राहत टीम को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 5 चिंहांकित पुल में आवागमन प्रतिबंधित करने के साथ ही लोगों को समझाईश देने के निर्देश दिये। इसके साथ ही जिला कंट्रोल रूम को 24 घण्टे सक्रिय रखने के भी निर्देश दिये।।कलेक्टर ने खरीफ सीजन में खाद -बीज की उपलब्धता एवं केसीसी ऋण वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को शासन के निर्देशानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने नई समितियो में भी खाद -बीज वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने छूटे हुए किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन के लिये कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियो को जरुरी समन्वय करने कहा।

इस दौरान राजस्व प्रकरण,राजस्व कोर्ट केस, स्वामित्व योजना,पीएम आवास ग्रामीण एवं शहरी, मुख्यमंत्री जानदर्शन,सीएम हेल्पलाइन, सीपी ग्राम्स, सड़क एवं पुल -पुलिया निर्माण, समय -सीमा के आवेदन आदि पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते,अभिषेक गुप्ता,एआर टंडन, निशा नेताम मड़ावी,सीमा ठाकुर सहित एसडीएम,जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author