मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण

राजनांदगांव, 08 जुलाई 2026/sns/- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुज्जी का आकस्मिक निरीक्षण किया। सीएमएचओ निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य केन्द्र खुज्जी में प्रति बुधवार को आयोजित योत्र सत्र में शामिल हुए एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुज्जी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई एवं मौसमी बीमारियों, डॉग बाइट, स्नेक बाइट के उपचार की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्टॉप डायरिया कैम्पेन 2026 अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्र में ओआरएस कॉर्नर अनिवार्य रूप से बनाने तथा संस्थागत प्रसव बढ़ाने एवं उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं का समयावधि में सोनोग्राफी कराने एवं दूरभाष के माध्यम से समय-समय पर स्वास्थ्य की जानकारी लेने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव के निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों से चर्चा की और केन्द्र में मिल रही चिकित्सकी सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव को जिले का मॉडल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने भवन संचालित विकासखण्ड प्रोग्राम यूनिट को एक सप्ताह के भीतर नवनिर्मित बीपीएचयू भवन में स्थानांतरण करने निर्देशित किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने स्कूलों की छात्राओं को एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन हेतु प्रेरित किया। एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 26 किशोरी बालिकाओं ने वैक्सीनेशन कराया। जिले में आज 160 किशोरी बालिकाओं को वैक्सीनेशन किया गया। जिले में अब तक कुल 4444 किशोरी बालिकाओं को वैक्सीनेशन किया गया है। सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन ने सभी मितानिनों एवं मितानिन प्रेरकों को सभी पालकों व अभिभावकों से संपर्क कर किशोरी बालिकाओं को वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित करने निर्देशित किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार, जिला सलाहकार एनसीडी कार्यक्रम डॉ. विकास राठौर सहित स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author