जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में माय भारत जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
अम्बिकापुर, 09 जुलाई 2026/sns/- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में माय भारत (मेरा युवा भारत) पोर्टल पर युवाओं के व्यापक पंजीयन को लेकर जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति के सभी सदस्य, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रवाल ने कहा कि युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माय भारत (मेरा युवा भारत) पोर्टल संचालित की जा रही है। यह पोर्टल पंजीकृत युवाओं को अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (ELP) तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों में सहभागिता के बहुमूल्य अवसर प्रदान करेगा। ये अवसर युवाओं के सर्वांगीण विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने में अत्यंत सहायक हैं। इसलिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करते हुए अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन कर अभियान को सफल बनाएं।
इस दौरान 15 अगस्त तक जिले के अधिक से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों एवं विभिन्न विभागों के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर पात्र युवाओं का अधिकतम पंजीयन कराया जाए। साथ ही पंजीयन कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
माय भारत के जिला युवा अधिकारी ने बताया कि माय भारत विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को जोड़ने, उनकी क्षमताओं का विकास करने तथा उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनाने का राष्ट्रीय मंच है। उन्होंने जानकारी दी कि 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक विशेष पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा पंजीयन करा सकते हैं। इच्छुक युवा mybharat.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।