बस्तर में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा की हुई शुरूआत
जगदलपुर, 09 जुलाई 2026/sns/- बस्तर जिले के सात विकासखण्डों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का व्यापक आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत जिले भर में परिवार नियोजन से संबंधित व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता गतिविधियाँ पूरी ताकत के साथ संचालित की जा रही हैं। इस वर्ष इस अभियान को एक बेहद आकर्षक और प्रभावी संदेश के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है कि जब बच्चों में हो सही अंतराल, तो परिवार बनता है स्वस्थ और खुशहाल।
ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति अलख जगाने वाले इस महत्वपूर्ण पखवाड़े को पूरी तरह प्रभावी बनाने के लिए दो विशेष चरणों में विभाजित किया गया है। इसके पहले चरण यानी मोबिलाइजेशन पखवाड़े के तहत विभाग का पूरा मैदानी अमला धरातल पर सक्रिय हो गया है, जिसमें खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी, सुपरवाइजर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानीन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर योग्य दंपत्तियों से सीधा संपर्क साध रहे हैं। ग्रामीणों को जनसंख्या स्थिरीकरण की अहमियत बेहद सरल और पारम्परिक ढंग से समझाने के लिए मोबाइल मीडिया और विशेष प्रचार वैन के साथ-साथ सास-बहू सम्मेलन जैसे अनूठे माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है, जो ग्रामीणों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
इस जन-जागरूकता अभियान की अगली कड¬़ी में आगामी 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक दूसरा और मुख्य चरण शुरू होने जा रहा है, जिसे सेवा प्रदायगी पखवाड़े के रूप में क्रियान्वित किया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले सभी इच्छुक हितग्राहियों को परिवार नियोजन के सुरक्षित उपाय मुहैया कराए जाएंगे, जिसके अंतर्गत अस्थायी और स्थायी दोनों ही प्रकार के गर्भनिरोधक साधन पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बस्तर जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर नवदम्पत्तियों से इस पखवाड़े का बढ़-चढ़कर लाभ उठाने और दी जा रही जानकारियों को अपनाकर अपने परिवार को सुरक्षित व खुशहाल बनाने की भावपूर्ण अपील की गई है।