मनोविकास केन्द्र के बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन

बलौदाबाजार, 21 जुलाई 2026/sns/-कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में मनोविकास केंद्र बलौदाबाजार में प्रबंधन द्वारा जिला अस्पताल बलौदाबाजार के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल टीम के सहयोग से दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक दिवसीय समग्र स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान जिला अस्पताल से आए डॉ. कमलेश (शिशु रोग विशेषज्ञ),रोशन लाल (मनोचिकित्सकीय सामाजिक कार्यकर्ता), सत्यरंजन मरकाम (एम.एल.टी.) सहित चिकित्सा दल ने केंद्र में अध्ययनरत 43 विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया । प्रत्येक बच्चे का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, शारीरिक मापदंडों का मूल्यांकन तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का आकलन कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं प्रारंभिक हस्तक्षेप प्रदान किए गए।

शिविर के अंतर्गत सभी बच्चों के व्यक्तिगत मेडिकल कार्ड तैयार किए गए, जिनमें उनके स्वास्थ्य संबंधी विवरण, जांच निष्कर्ष एवं चिकित्सकीय परामर्श दर्ज किए गए। शिविर में मनोचिकित्सकीय सामाजिक कार्यकर्ता रोशन लाल ने अभिभावकों को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार प्रबंधन, पारिवारिक सहयोग, सामाजिक समावेशन तथा नियमित पुनर्वास सेवाओं के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे बच्चों के समग्र विकास के लिए परिवार, विद्यालय और चिकित्सकीय टीम के बीच समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर अभिभावकों एवं बच्चों को वर्षा ऋतु में होने वाली सामान्य बीमारियों एवं संक्रमणों जैसे वायरल बुखार, डायरिया, डेंगू, मलेरिया, त्वचा संक्रमण तथा श्वसन संबंधी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। चिकित्सकों ने स्वच्छ पेयजल का उपयोग, हाथों की नियमित सफाई, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मच्छरों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

चिकित्सा दल ने बताया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श, मनोवैज्ञानिक एवं पुनर्वास सेवाओं की निरंतर उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

About The Author