बैगा ग्राम-बहाउड़ में टीबी-कुष्ठ उन्मूलन जनजागरण शिविर का हुआ आयोजन
मुंगेली, 22 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड लोरमी के बैगा ग्राम-बहाउड़ में क्षय (टीबी) एवं कुष्ठ उन्मूलन जनजागरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य टीबी एवं कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार तथा ग्रामीणों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शीला साहा ने बताया कि शिविर के दौरान 26 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें टीबी के 03 संदिग्ध मरीज, बीपी के 02, कमजोरी के 02, खुजली के 04, दाद के 02, सर्दी-खांसी के 07, बुखार के 03 तथा अन्य बीमारियों से पीड़ित 03 मरीज शामिल रहे। टीबी के संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं।
जिला क्षय एवं कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार, निःशुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। साथ ही टीबी एवं कुष्ठ रोग की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के संबंध में पाम्पलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में गांव की मितानिनों को भी टीबी एवं कुष्ठ रोग की पहचान, जांच के लक्ष्य तथा बचाव के उपायों का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे ग्रामीण स्तर पर संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ सकें। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री अमिताभ तिवारी, पीएनडीटी समन्वयक श्री धीरज रात्रे, डीपीपीएमसी श्री अमित सिंह, सुपरवाइजर लता दर्राे, सीएचओ भावना सोनी तथा मितानिनों का सराहनीय सहयोग रहा।