प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण आयोजित
सुकमा, 23 जूलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में गुरुवार को तोंगपाल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिवसीय परियोजना स्तरीय प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। परियोजना अधिकारी श्री हितेन्द्र कुमार नागेसिया की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण में सभी सुपरवाइजर सहित परियोजना क्षेत्र के कुल 90 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण राज्य स्तरीय एसआरजी प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर्स सुश्री रश्मि चन्द्रवंशी एवं श्री प्रदीप मंडल द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों को पोर्टल के प्रभावी संचालन, हितग्राहियों के पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया तथा फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों द्वारा योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मैदानी अमले को सक्रिय भूमिका निभाने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं सतर्क उपयोग की जानकारी दी गई। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करते हुए योजना के प्रभावी संचालन और पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ दिलाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रशासन की इस पहल से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को और गति मिलने के साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।