श्री गौशाला पिंजरापोल में 30 जुलाई को होगा नवीन गौछाया एवं गौ-चिकित्सा परिसर का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

राजनांदगांव, 24 जुलाई 2026/- 30 जुलाई 2026, गुरुवार को प्रातः 11:30 बजे नवीन गौछाया परिसर के लोकार्पण तथा आधुनिक गौ-चिकित्सा एवं गौछाया परिसर के भूमिपूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम गौशाला परिसर (जी.ई. रोड, स्टेडियम के पास), राजनांदगांव में आयोजित होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह जी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री श्री रामविचार जी नेताम करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में सांसद श्री संतोष पांडेय जी, महापौर श्री मधुसूदन यादव जी, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री विशेषर सिंह पटेल जी सहित समाजसेवी श्री बलदेव सिंह जी भाटिया, श्री सुरेशचंद जी कांकरिया, श्री दानमल जी पोरवाल एवं श्री जेठमल जी बोहरा उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर स्वर्गीय श्री मनोहरचंद जी चोपड़ा की स्मृति में निर्मित नवीन गौछाया परिसर का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं स्वर्गीय श्रीमती चंचलबाई आसकरण जी कोचर की स्मृति में आधुनिक गौ-चिकित्सा परिसर तथा स्वर्गीय श्रीमती फूलुबाई संपतलाल जी श्रीश्रीमाल की स्मृति में गौछाया परिसर का भूमिपूजन भी संपन्न होगा। प्रस्तावित पशु चिकित्सालय में बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के उपचार, ऑपरेशन, एक्स-रे तथा स्कैन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान गौसेवा को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से “पुण्य की SIP योजना” का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालु प्रत्येक माह अपनी इच्छानुसार एक निश्चित राशि सीधे गौशाला के खाते में जमा कर गौसंरक्षण के सतत अभियान में सहभागी बन सकेंगे।

गौशाला समिति के अध्यक्ष श्री खुबचंद जी पारख ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौसेवा के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त करें।

About The Author