राशन कार्ड सेवाओं को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करने हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले में नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से 20 एवं 21 जुलाई 2026 को सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध नई ऑनलाइन सेवाओं के संचालन एवं प्रक्रिया संबंधी जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय अधिकारी, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी, विभिन्न विभागों के सत्यापनकर्ता एवं ऑपरेटर शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान सामान्य (एपीएल), अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित एवं निःशक्तजन राशन कार्ड जारी करने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं नाम हटाने जैसी नई सेवाओं के ऑनलाइन संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिला ई-गवर्नेंस शाखा द्वारा सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध 36 विभागों की 550 से अधिक ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को प्रदान की गई। प्रशिक्षण में सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने, सत्यापनकर्ता एवं अनुमोदनकर्ता द्वारा डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट के माध्यम से लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों के ऑनलाइन निराकरण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसी क्रम में जिले के समस्त सेवा सेतु ऑपरेटरों का जनपदवार वर्चुअल प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें राशन कार्ड संबंधी सेवाओं के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन के सफल संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री सुनील कुमार साहू ने बताया कि पूर्व में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से लगभग 120 सेवाएं उपलब्ध थीं, जिन्हें उन्नत तकनीक के साथ सेवा सेतु प्लेटफॉर्म पर एकीकृत कर अब 36 विभागों की 550 से भी अधिक सेवाएं नागरिकों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अब जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र के साथ-साथ राशन कार्ड संबंधी सेवाएं, ग्रामीण क्षेत्रों के विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन हेतु छत्तीसगढ़ राजपत्र सहित 550 से अधिक महत्वपूर्ण सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं तथा भविष्य में और भी नई सेवाओं को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला खाद्य अधिकारी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।