अवैध शराब विक्रय पर करें सख्त कार्रवाई–कलेक्टर श्रीमती प्रजापति
मोहला, 28 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह की उपस्थिति में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कानून व्यवस्था एवं एनकॉर्ड समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मिंज,उप पुलिस अधीक्षक श्री नोहर मंडावी, श्रीमती नेहा पवार समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए समाज कल्याण विभाग को वार्षिक कैलेंडर तैयार कर विद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग को कोटपा एक्ट के तहत शैक्षणिक परिसरों एवं उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग को विद्यालयों में समय-समय पर विद्यार्थियों के बैग की जांच करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में अवैध शराब के विक्रय एवं भंडारण संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी, अवैध शराब के कारोबार तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब की बिक्री की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों अथवा गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई की जा रही है तथा इसमें आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने वालों एवं नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही दोपहिया वाहन विक्रेताओं को प्रत्येक वाहन के साथ हेलमेट उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सड़कों के ब्लाइंड स्पॉट की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थानों का चिन्हांकन कर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने स्कूलों एवं छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण कर नशा सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। मेडिकल स्टोरों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आदिवासी विकास विभाग को बालिका छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
- संवेदनशील मामलों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
जिले में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अधिकारियों को कानून एवं शांति व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने सामाजिक बहिष्कार, सामुदायिक विवाद तथा अन्य संवेदनशील मामलों पर सतत निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा सामाजिक विवादों का गंभीरता एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।