कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिले में आयोजित
जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई 2026/sns/- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक फार्मर आईडी को अनिवार्य किए जाने के मद्देनजर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों एवं सहकारी समितियों में एग्रीस्टैक कृषक पंजीयन एवं बकेट क्लेम के निराकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित किए गए। कलेक्टर श्री महोबे ने आज जिले के पेंड्री एवं तिलई सहकारी समितियों में आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को शत-प्रतिशत कृषक पंजीयन एवं लंबित बकेट क्लेम प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय के लिए प्रत्येक किसान का एग्रीस्टैक फार्मर आईडी पंजीयन अनिवार्य है। उन्होंने शिविरों में अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कोटवारों के माध्यम से किसानों को सूचना देने, गांव में मुनादी कराने के निर्देश दिए। जिन किसानों के आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं हैं, उनके प्रकरणों का चॉइस सेंटर के माध्यम से निराकरण कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सहकारी समितियों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने समिति में उपलब्ध उर्वरकों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण पर विशेष ध्यान देने तथा नैनो यूरिया के उपयोग एवं लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नोडल अधिकारी जिला सहकारी बैंक श्री अमित साहू, अधीक्षक भू-अभिलेख श्री विनय पटेल सहित कृषि, राजस्व एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।