एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कक्षा 6वीं प्रवेश के लिए चयनित सूची जारी
मोहला, 29 जुलाई 2026/sns/- शिक्षण सत्र 2026-27 के अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) में कक्षा 6वीं प्रवेश हेतु प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्य पूर्ण कर चयन सूची जारी कर दी गई है। इसके बाद द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 28 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मोहला एवं मानपुर (संचालन अं. चौकी) में आयोजित की जा रही है।
द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची, काउंसलिंग केंद्र तथा अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेब पोर्टल eklavya.cg.nic.in पर उपलब्ध है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभ्यर्थी जिनका चयन प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए हुआ था, लेकिन उन्हें विद्यालय आवंटित नहीं हो सका, वे पूर्व में जारी सूची में दर्शाए गए विद्यालय में उपस्थित होकर अनुलग्नक-3 प्राप्त करें तथा निर्धारित प्रविष्टियां पूर्ण करने के बाद 28 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक पुनः ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। इस दौरान अभ्यर्थी अधिकतम पांच विद्यालयों का चयन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अलग से कोई नई चयन सूची जारी नहीं की जाएगी।
ऑनलाइन काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को कक्षा 5वीं की मूल अंकसूची (मार्कशीट), मूल निवास प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित काउंसलिंग केंद्र में उपस्थित होने की अपील की है।