निःशुल्क कंप्यूटर व सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण के लिए मार्गदर्शन शिविर 3 अगस्त को

दुर्ग, 31 जुलाई 2026/sns/- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं में रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग द्वारा 3 अगस्त 2026 को एक दिवसीय मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर में पूर्वाह्न 11.00 बजे से आयोजित इस शिविर में इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन द्वारा संचालित दो प्रमुख निःशुल्क प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों ’सर्टिफाइड कंप्यूटर एप्लीकेशन अकाउंटिंग एंड पब्लिशिंग असिस्टेंट’ तथा ’सर्टिफाइड कोर्स इन आईटीईएस बीपीओ सॉफ्ट स्किल्स एंड कम्युनिकेटिव इंग्लिश’ के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जायेगी। 2 से 3 माह की अवधि वाले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन स्मृति नगर भिलाई स्थित नायलिट स्टडी सेंटर में किया जाएगा। शिविर में न्यूनतम 12वीं उत्तीर्ण वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे, जहाँ उन्हें कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग व मैनेजमेंट के साथ-साथ व्यावहारिक सॉफ्ट स्किल्स और अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उपसंचालक (रोजगार) श्री विष्णु कुमार केडिया से मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सफलता पूर्वक उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर का प्रमाण पत्र मिलने के साथ-साथ अकादमिक क्रेडिट स्कोर भी प्राप्त होंगे। इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से 3 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे जिला रोजगार कार्यालय, दुर्ग में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

About The Author