पीएम किसान सम्मान निधि बनी खेती-किसानी का मजबूत सहारा
मुंगेली, 03 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में निरंतर मददगार साबित हो रही है। योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 06 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह राशि तीन समान किस्तों में, प्रत्येक चार माह में 02 हजार रुपये के रूप में सीधे किसानों के खाते में अंतरित की जाती है। ग्राम सुरेठा निवासी किसान श्री जीवन पटेल ने पीएम किसान सम्मान निधि से मिल रही आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि खेती के दौरान किसानों को बीज, खाद, कृषि सामग्री सहित कई आवश्यकताओं के लिए समय-समय पर राशि की जरूरत होती है। ऐसे समय में पीएम किसान सम्मान निधि से मिलने वाली राशि काफी उपयोगी साबित होती है।
किसान श्री पटेल ने कहा कि चार माह में मिलने वाली 02 हजार रुपये की किस्त खेती-किसानी के छोटे-छोटे जरूरी खर्चों को पूरा करने में सहायक होती है। इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलता है और खेती के कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में सुविधा होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी किसान हितैषी योजनाओं से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है। नियमित रूप से मिलने वाली सहायता राशि किसानों के लिए भरोसे का आधार बनी है। श्री जीवन पटेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं शासन-प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसानों के हित में संचालित ऐसी योजनाएं खेती को मजबूत बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान कर रही हैं।