स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का कलेक्टर और एसएसपी ने किया निरीक्षण
दुर्ग, 04 अगस्त 2026/sns/-स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह एवं परेड की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने जिला मुख्यालय स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल प्रथम बटालियन ग्राउंड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मंच एवं बैठक व्यवस्था, परेड रिहर्सल, साफ-सफाई, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठक, पेयजल, यातायात और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आगामी 17 से 23 अगस्त 2026 तक जयंती स्टेडियम भिलाई में आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा के आयोजन स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कथा वाचक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने इस दौरान स्टेज, वाटरप्रूफ पण्डाल, भोजन व्यवस्था, वीआईपी प्रवेश एवं निकास द्वार तथा श्रद्धालुओं के लिए बनाए जाने वाले प्रवेश मार्गो सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नगर निगम भिलाई पार्षद द्वारा आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह, नगर निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री सोनल डेविड, पुलिस विभाग और नगर निगम के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।