मेरा युवा भारत के अंतर्गत दो दिवसीय मेगा पंजीयन शिविर का हुआ आयोजन
अम्बिकापुर, 06 अगस्त 2026/sns/- मेरा युवा भारत के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में 5 एवं 6 अगस्त को “मेरा युवा भारत” (माय भारत) के अंतर्गत दो दिवसीय मेगा पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।
समापन समारोह में गुरुवार को नगर निगम अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। उन्होंने शिविर का अवलोकन करते हुए पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों को इस योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला समन्वय समिति की सदस्य श्रीमती सुनीता दास एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को “मेरा युवा भारत” योजना की विस्तृत जानकारी माई भारत के नोडल अधिकारी श्री अक्षय रंजन वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा प्रदान की गई। उन्होंने योजना के उद्देश्य, लाभ एवं पंजीयन प्रक्रिया को समझाते हुए युवाओं को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी द्वारा स्वयं पंजीयन कार्य का संचालन किया गया, वहीं सहायक नोडल अधिकारी श्री अभियान तिवारी ने भी सक्रिय रूप से सहयोग करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। दो दिवसीय मेगा पंजीयन शिविर के दौरान लगभग 1500 विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया।
इस दौरान बताया गया कि 14 से 29 वर्ष तक के युवा ऑनलाइन माध्यम से “मेरा युवा भारत” पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं। इस योजना से जुड़ने पर युवाओं को विभिन्न लाभ प्राप्त होते हैं, जिनमें प्रमुख रूप से कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वयंसेवा के अवसर, राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में भागीदारी, प्रमाण-पत्र प्राप्ति, नेतृत्व क्षमता का विकास एवं करियर मार्गदर्शन शामिल हैं। इससे युवाओं को अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलता है।