सीएम हेल्पलाइन संवेदनशील सुशासन का बना उदाहरण
मुंगेली, 07 अगस्त 2026/sns/- शासन की जनहितैषी एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली का सशक्त माध्यम बन चुकी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद मंच साबित हो रही है। मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम धरदेई में इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला, जहां एक माह से खराब पड़े हैंडपंप को शिकायत दर्ज होने के दो दिनों के भीतर सुधारकर पुनः चालू कर दिया गया। इससे लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
ग्राम धरदेई निवासी प्रमोद कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कर बताया कि गांव के बस स्टैंड के पास स्थित हैंडपंप लगभग एक माह से खराब पड़ा था। इस कारण आसपास के लगभग 80 प्रतिशत परिवारों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ता था, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था।
शिकायत प्राप्त होते ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल तकनीकी टीम को मौके पर भेजा। टीम ने हैंडपंप का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा किया। शिकायत दर्ज होने के केवल दो दिनों के भीतर हैंडपंप को पुनः चालू कर दिया गया, जिससे बस स्टैंड क्षेत्र सहित आसपास के सभी परिवारों को फिर से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा। ग्रामीणों ने त्वरित कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की प्रभावशीलता की प्रशंसा की। शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का एक प्रभावी और भरोसेमंद माध्यम बन चुकी है। शासन की जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और त्वरित कार्यवाही से आमजन का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।