जिला प्रशासन की सघन मॉनिटरिंग से आयुष्मान अभियान को मिली नई गति
सुकमा, 06 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में आयुष्मान भारत एवं वय वंदन योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जिले के प्रत्येक पात्र हितग्राही तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष आयुष्मान कार्ड सैचुरेशन अभियान तेज गति से संचालित किया जा रहा है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले में 18 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। पिछले दो सप्ताह में 1,095 आयुष्मान कार्ड, 75 वय वंदन कार्ड बनाए गए हैं तथा 656 आयुष्मान पीवीसी कार्ड हितग्राहियों को वितरित किए गए हैं, जो अभियान की सफलता को दर्शाते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह स्वयं अभियान की सतत निगरानी कर रहे हैं। जिला परियोजना समन्वयक (आयुष्मान भारत) अमृतेश सिंह ठाकुर के समन्वय में मैदानी स्तर पर अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। 5 एवं 6 अगस्त को सीएमएचओ ने कोंटा एवं छिंदगढ़ विकासखंड के आयुष्मान सैचुरेशन शिविरों का निरीक्षण कर कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान पीवीसी कार्ड भी वितरित किए गए तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रत्येक पात्र नागरिक का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक शासन की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से गांव-गांव तक पहुंचकर विशेष शिविरों के माध्यम से निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिनका आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बना है, वे अपने निकटतम आयुष्मान सैचुरेशन शिविर में पहुंचकर कार्ड बनवाएं और आयुष्मान भारत एवं वय वंदन योजना के तहत बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।