महिला बाल विकास द्वारा जिला स्तरीय स्तनपान सप्ताह का हुआ आयोजन
दुर्ग, 07 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय स्तनपान सप्ताह विवेकानंद सभागार दुर्ग में आयोजित किया गया। आयोजन में विधायक और उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग प्राधिकरण श्री ललित चंद्राकर तथा महापौर दुर्ग श्रीमती अलका बाघमार के साथ निलेश अग्रवाल देवनारायण चंद्राकर पार्षद रंजीता पाटिल अधिकारी कर्मचारी गण महिला स्व सहायता समूह की महिलाये कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में परियोजना अधिकारी श्रीमती उषा झा ने स्तनपान सप्ताह के बारे में कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष की थीम “जीवन की सतत शुरुआत के लिए स्तनपान: कारगर उपायों को सुदृढ़ बढ़ाना” पर स्तनपान सप्ताह का आयोजन जिला परियोजना तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्तनपान के प्रति जागरूकता फैलाना व माताओं को समर्थन प्रदान करना है। विशेष रूप से प्रसव के बाद पहले 6 महीना के दौरान सहायता प्रदान करना महत्वपूर्ण है। परियोजना अधिकारी दुर्ग शहरी अनीता सिंह ने बताया कि मां का दूध वह पहला वैक्सीन है जो शिशु के मस्तिष्क को मजबूत बनाता है और उसे मानसिक व बौद्धिक रूप से विकसित करने के साथ संपूर्ण पोषण देता है।
विधायक श्री चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्तनपान बच्चे के लिए बहुत उपयोगी व रोग प्रतिरोधक तो होता ही है साथ ही धात्री माता के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह स्तन कैंसर जैसी बीमारी से रक्षा करता है। महापौर दुर्ग श्रीमती बाघमार ने कहा कि स्तनपान रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करता है और जिस मानसिक स्थिति में स्तनपान कराया जाता है वो बच्चे को भी प्रभावित करता है। कार्यक्रम के दौरान आईसीपीएस की टीम से चंद्रप्रकाश पटेल लोकमनी साहू सीता कन्नौजे की उपस्थिति रही। इन्होंने दत्तक ग्रहण योजना स्पॉन्सरशिप योजना बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ पॉक्सो एक्ट आदि के बारे में जानकारी प्रदान की। रक्षा टीम से दीपक साहू द्वारा अभिव्यक्ति ऐप तथा साइबर सुरक्षा नंबर 1930 की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग से सीपीएम संजीव दुबे ने गर्भवती माताओं के शीघ्र पंजीयन पर जोर दिया ताकि समय पर मां और बच्चे की सही देखभाल की जा सके। बीएमओ बेलचंदन जी ने स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी के माध्यम से सभी उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की। उपस्थित महिलाओं का एचबी एवं सिकलिंग जांच किया गया। कार्यक्रम अंतर्गत पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम हुआ, जिसमें देवन्तिन यादव देवकी मनीषा मोना साहू खुशबू की गोद भराई की गई तथा उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए मंगल कामना की गई क्योंकि मां स्वयं स्वस्थ रहेगी तो वह स्वस्थ शिशु को जन्म देगी। विधायक श्री चंद्राकर ने सभी उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान हेतु शपथ दिलवाया। कार्यक्रम अंतर्गत महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कुर्सी दौड़ में प्रथम स्थान पर रही श्रीमती यंत्री सिन्हा द्वितीय श्रीमती चंद्रकला तृतीय श्रीमती टाकेश्वरी रही। वहीं स्वास्थ्य एवं बच्चों के सही स्तनपान की जानकारी के लिए प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के आयोजन में विजेता श्रीमती आशा दिल्लीवार, शीमती आरती वैष्णव, श्रीमती अरुणा सोनी, सरोजिनी सोनी, प्रभा कोठारे रहे। जिला कार्यक्रम अधिकारी आर के जम्बुलकर एवं जिला महिला बाल विकास अधिकारी अजय साहू के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। स्वास्थ्य विभाग से रीता, रानी, हितेन्द्र कोसरे, विजय सिजुले, रक्षा टीम से मीरा वर्मा, दीपक साहू, यमिता साहू परियोजना दुर्ग ग्रामीण एवं दुर्ग शहरी की सभी पर्यवेक्षक के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थित रहीं।