₹5 हजार की सहायता बनी संबल पहली बार मां बनी कुम्में के सपनों को मिली नई उड़ान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
बीजापुर, 10 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित मातृत्व, बेहतर पोषण और आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। जिले के परियोजना कुटरू, सेक्टर कुटरू के ग्राम नयापारा रानी बोदली निवासी कुम्में मुचक्की, पति भीमें मुचक्की, उम्र 32 वर्ष के लिए योजना की आर्थिक सहायता मुश्किल समय में बड़ी मदद साबित हुई।
गृह भेंट के दौरान मिली योजना की जानकारी
मार्च 2025 में कुम्में मुचक्की पहली बार गर्भवती हुईं। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने गृह भेंट के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि पात्र महिलाओं को योजना के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे गर्भावस्था के दौरान पोषण एवं आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
योजना की जानकारी मिलने के बाद कुम्में ने आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए समय पर आवेदन किया। योजना के अंतर्गत उन्हें ₹5,000 की सहायता राशि प्राप्त हुई।
बेटी के लिए जरूरी सामान और अपने पोषण पर किया खर्च
कुम्में मुचक्की ने बताया कि आर्थिक सहायता से उन्होंने अपनी बेटी के लिए कपड़े, तेल, साबुन सहित आवश्यक सामग्री खरीदी। साथ ही अपने बेहतर पोषण के लिए चना, मूंगफली और गुड़ जैसी पौष्टिक सामग्री लेकर पोषण पेटी तैयार की।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “आर्थिक तंगी के समय योजना की यह राशि मेरे लिए बहुत बड़ी मदद बनी। इससे मैं अपनी और अपनी बच्ची की जरूरी जरूरतें पूरी कर सकी। अपने पोषण का भी ध्यान रख पाई।”
अन्य महिलाओं को भी योजना का लाभ लेने की अपील
कुम्में मुचक्की ने बताया कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें गर्भावस्था के दौरान काफी संबल दिया। उन्होंने शासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य गर्भवती महिलाओं से भी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ लेने की अपील की।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को निर्धारित शर्तों के अनुरूप आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर मां और शिशु के स्वास्थ्य, पोषण तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है। बीजापुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में योजना की जानकारी गृह भेंट के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण पहल है।