प्रधानमंत्री आवास योजना फरहदा की गोदावरी को मिला पक्का आशियाना

मुंगेली, 10 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों के लिए केवल पक्का मकान उपलब्ध कराने की योजना के साथ सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन की नई शुरुआत का माध्यम बन रही है। इसी कड़ी में कभी कच्ची दीवारों और टपकती छत वाले मकान में गुजर-बसर करने वाली गोदावरी के परिवार के लिए पक्का घर वर्षों से एक सपना था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार सीमित सुविधाओं वाले कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बरसात आते ही घर में पानी आने की चिंता और सर्दियों में ठंड से बचने की परेशानी उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थी।
गोदावरी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में उनके परिवार को पक्के आवास की स्वीकृति मिली। आवास निर्माण के लिए 01 लाख 20 हजार रुपये की स्वीकृत राशि ने परिवार के वर्षों पुराने पक्के घर के सपने को हकीकत में बदलने का रास्ता खोल दिया। गोदावरी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। शासन की योजना के तहत पात्रता के आधार पर उनका चयन हुआ और आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई। पक्के मकान की स्वीकृति मिलना परिवार के लिए नई उम्मीद लेकर आया। धीरे-धीरे निर्माण कार्य पूरा हुआ और वर्षों से देखा जा रहा सुरक्षित आशियाने का सपना साकार हो गया।
नए पक्के आवास ने गोदावरी के परिवार को केवल रहने के लिए एक मजबूत छत ही नहीं दी, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का अहसास भी दिया है। अब बारिश के दौरान छत टपकने की चिंता नहीं है और बदलते मौसम के बीच परिवार पहले की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित महसूस करता है। गोदावरी के लिए यह घर शासन की योजना का लाभ मिलने से कहीं बढ़कर है। यह उनके परिवार के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बन गया है। पक्के घर के साथ परिवार के जीवन में आत्मविश्वास और खुशियों की नई शुरुआत हुई है। गोदावरी का परिवार अपने पक्के आशियाने में सुकून के साथ बेहतर और सुरक्षित भविष्य का सपना देख रहा है।

About The Author