विश्व आदिवासी दिवस पर छात्रावासों में छात्राओं को दी गई कानूनी जानकारी

मुंगेली, 10 अगस्त 2026/sns/- विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर स्टेट प्लान ऑफ एक्शन के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा छात्रावासों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य न्यायिक मजिस्ट्रेटों के साथ शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित कन्या छात्रावास, शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित कन्या छात्रावास तथा शासकीय प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास पथरिया पहुंचकर छात्राओं को कानून एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को न केवल उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि शिक्षा, आत्मविश्वास और मेहनत के जरिए बेहतर भविष्य निर्माण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती मेरावी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा को अपना सबसे मजबूत हथियार बनाएं। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को छोटा न रखने तथा लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। विद्यार्थियों को बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाना चाहिए। सफलता के लिए शॉर्टकट का सहारा लेने के बजाय निरंतर मेहनत और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को अपने गुरुओं का सम्मान करने तथा बेहतर शिक्षा प्राप्त कर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षिका बिमेश्वरी जांगड़े ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर थाना पथरिया के पीएलवी श्री गौतम महिलांगे एवं पीएलवी श्री दिलेश्वर देवांगन सहित अन्य उपस्थित रहे।

About The Author