आरसेटी में 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण सम्पन्न
बलौदाबाजार, 10 अगस्त 2026/sns/- एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), बलौदाबाजार में द35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के बैच का असेसमेंट एवं फेयरवेल कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 28 प्रशिक्षणार्थियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सौंदर्य एवं व्यक्तिगत देखभाल के क्षेत्र में आवश्यक व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल प्रदान किए गए। प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण अवधि के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल एवं अनुभवों को साझा करते हुए स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने तथा आत्मनिर्भर बनने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
असेसमेंट कार्यक्रम का संचालन आरसेटी राज्य नियंत्रक, छत्तीसगढ़ अरूण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में ईडीपी असेसर कुमुद महेश्वर शुक्ला एवं डोमेन असेसर पूनम पाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर आरसेटी निदेशक बैजनाथ कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) शिव कुमार कंवर, प्रशिक्षक श्रीमती पूनम राजपूत सहित आरसेटी के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्राप्त कौशल का सदुपयोग करते हुए स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया।