पॉलिटेक्निक कॉलेज सुकमा में प्लेसमेंट ड्राइव सम्पन्न

सुकमा, 11 अगस्त 2026/sns/- जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयासों को एक और सफलता मिली है। शासकीय पॉलिटेक्निक सुकमा में रायपुर की एवीएन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, विषयगत ज्ञान एवं कौशल का मूल्यांकन करते हुए चयन प्रक्रिया संपन्न की। इस प्रक्रिया में मनीष मरकाम और मनीष ध्रुव का चयन साइट इंजीनियर के पद पर किया गया।
 युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों का यह एक महत्वपूर्ण परिणाम है। प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से विद्यार्थियों को सीधे प्रतिष्ठित निर्माण कंपनी में रोजगार का अवसर मिला है, जिससे उनके व्यावसायिक भविष्य को नई दिशा मिली है। ऐसे आयोजन स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को अवसर प्रदान करने के साथ उन्हें तकनीकी शिक्षा के अनुरूप रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन ने एवीएन कंस्ट्रक्शन कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित रूप से ऐसे प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित होने से विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार, व्यावहारिक अनुभव और उज्ज्वल करियर की राह मिलती है। संस्थान द्वारा विद्यार्थियों की तकनीकी क्षमता को निखारने के साथ उन्हें रोजगारपरक अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दो विद्यार्थियों के चयन से शासकीय पॉलिटेक्निक सुकमा के साथ-साथ जिले के अन्य युवाओं में भी तकनीकी शिक्षा और रोजगार के प्रति उत्साह बढ़ा है।

About The Author