मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 ने आसान किया आयुष्मान कार्ड का सफर


दुर्ग, 11 अगस्त 2026/
sns/- अब मन को तसल्ली है कि जरूरत पड़ने पर मेरा इलाज सही समय पर और निःशुल्क हो सकेगा। यह संतोष के भाव हैं दुर्ग जिले के खुर्सीपार जोन-2 निवासी श्री कमल सिंह बेदी के, जिनकी आयुष्मान कार्ड बनवाने की कई महीनों की परेशानी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दूर हुई। श्री कमल सिंह बेदी पिछले 6 से 7 महीनों से अपना आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने कई जगह जानकारी ली और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की, लेकिन उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा था। लगातार प्रयास के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से वे परेशान थे। इसी दौरान उन्होंने समाचार पत्र में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में पढ़ा। उन्हें जानकारी मिली कि आम नागरिक अपनी समस्याओं को हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज कराकर उनके त्वरित निराकरण की दिशा में पहल कर सकते हैं। उन्होंने बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1076 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज कराई और आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाने की पूरी जानकारी दी।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा मामले पर त्वरित कार्रवाई की गई। सिर्फ दो-चार दिनों के भीतर ही श्री बेदी से संपर्क किया गया और उन्हें दुर्ग बुलाकर उनका आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। कई महीनों से लंबित समस्या का इतनी जल्दी समाधान होने पर श्री कमल सिंह बेदी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सचमुच में अद्भुत है। मैंने अपनी समस्या फोन के माध्यम से बताई और कुछ ही दिनों में मेरा आयुष्मान कार्ड बन गया। अब मुझे तसल्ली है कि जरूरत पड़ने पर मेरा इलाज सही समय पर और निःशुल्क हो सकेगा।”
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। श्री बेदी की कहानी यह बताती है कि जब शासन की सेवाएं नागरिकों तक सरल और सुलभ तरीके से पहुंचती हैं, तो आमजन का भरोसा और मजबूत होता है। एक फोन कॉल ने महीनों की परेशानी दूर की, यही है सुशासन की सार्थक पहल।

About The Author