ग्राम पंचायत बिरेंद्रनगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को शत-प्रतिशत लागू करने ग्रामीण प्रतिबद्ध
कवर्धा , 12 अगस्त 2026/sns/- जनपद पंचायत लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरेंद्रनगर ने स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहल की है। यहां ग्रामीणों ने सुप्रीमकोर्ट के निर्देश एवं शासन द्वारा चलाये जा रहे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को शत-प्रतिशत लागू करने का संकल्प लिया है।
पंचायत द्वारा चलाए जा रहे “घर-घर संपर्क अभियान” के तहत वार्ड पंचों एवं स्वछाग्रहियों ने गांव के प्रत्येक घर में जाकर नागरिकों को गीला, सूखा, सेनेटरी एवं विशेष कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया। अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अब गांव के लोग चार अलग-अलग डिब्बों में कचरा रखकर उसे कचरा संग्रहण वाहन को सौंप रहे हैं।
*सरपंच ने कही ये बात*
ग्राम पंचायत बिरेंद्रनगर के सरपंच श्री शर्मा ने कहा कि हमारा गांव साफ रहेगा तो बीमारियां दूर रहेंगी। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम को हम शत-प्रतिशत लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए लगातार ग्रामीणों से चर्चा की जा रही है। हर घर की जिम्मेदारी है कि वह खुले में कचरा न फेंके।
*महिलाएं कर रही सहयोग*
ग्राम की महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती फरजाना बेगम ने बताया कि पहले कचरे को नाली एवं सार्वजनिक स्थानों पर फेंक दिया जाता था, जिससे नाली जाम हो जाती थी। अब स्थिति में बदलाव आया है। कचरा अलग-अलग रखने से गांव स्वच्छ दिख रहा है। गांव की सभी महिलाएं इस अभियान में सहयोग कर रही हैं।
पंचायत सचिव ने जानकारी दी कि एकत्रित कचरे से वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर उसे बेचा जाएगा, जिससे पंचायत की आय में वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीणों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए भी समझाइश दी जा रही है।
*सीईओ ने की सराहना*
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने ग्राम पंचायत बिरेंद्रनगर के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बिरेंद्रनगर के इस अच्छे प्रयास से अन्य ग्राम पंचायतें भी प्रेरित होंगी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का पालन करेंगी।