‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने व ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम
दुर्ग, 12 अगस्त 2026/sns/- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आम नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान जागृत करने के उद्देश्य से जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन, संस्कृति विभाग से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में तथा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दुर्ग शहर में एक भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में इस भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन 13 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे से किया जाएगा। यह यात्रा शासकीय झाडूराम देवांगन विद्यालय (हिन्दी भवन के सामने) मैदान से प्रारंभ होकर इंदिरा मार्केट रोड होते हुए शहीद चौक, दुर्ग तक जाएगी। प्राप्त जानकारी अनुसार, इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन और जनसामान्य की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक भारतीय नागरिक को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और वंदे मातरम गायन के प्रति प्रेरित करना है, जिससे आमजनों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला स्तर पर विभिन्न दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।