जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 18 अगस्त को, 586 पदों पर होगी भर्तियां

दुर्ग, 13 अगस्त 2026/sns/- जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 18 अगस्त 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, दुर्ग के प्रांगण में आयोजित होगा। प्राप्त जानकारी अनुसार, इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के कुल 07 नियोजकों द्वारा 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं इंजीनियरिंग उत्तीर्ण तकनीकी तथा गैर-तकनीकी योग्यताधारी आवेदकों के लिए कुल 586 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले से संबंधित रिक्तियों का विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in एवं छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध पदों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। मेले में सम्मिलित होने वाले आवेदक 18 अगस्त 2026 को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्रों एवं दस्तावेजों के साथ शासकीय आईटीआई दुर्ग में उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग या दूरभाष क्रमांक 0788-2323504 पर संपर्क किया जा सकता है।

About The Author