तिरंगे और मशाल की रोशनी में गूंजा देशभक्ति का संदेश

बीजापुर, 13 अगस्त 2026/sns/- स्वतंत्रता दिवस के पूर्व बीजापुर जिले में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में तिरंगा रैली एवं मशाल रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली में जिला मुख्यालय के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं के साथ अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
मिनी स्टेडियम बीजापुर से प्रारंभ हुई रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ नगर भ्रमण करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां रैली का समापन हुआ। हाथों में तिरंगा और मशाल थामे नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक उद्घोष किया। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगीत की गूंज से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल, डिप्टी कलेक्टर श्री मुकेश देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पांडेय एवं तहसीलदार श्री पी.आर. सलामें ने रैली में शामिल होकर छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
रैली के पश्चात एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पांडेय ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के महत्व की जानकारी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों के जीवन प्रसंगों को साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों एवं पदचिह्नों पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बीईओ श्री नागेश निषाद, जनसंपर्क अधिकारी श्री दिनेश नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

About The Author