प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से सुरेश वर्मा के बिजली बिल में राहत

राजनांदगांव, 13 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण एवं शहरी परिवारों के लिए बिजली खर्च में कमी के साथ-साथ अतिरिक्त आय का साधन भी बन रही है। योजना से लाभान्वित हितग्राही डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पुरेना निवासी श्री सुरेश वर्मा ने बताया कि पहले उनके घर में प्रतिमाह लगभग 800 से 900 रूपए तक बिजली का बिल आता था, जिससे वे काफी परेशान रहते थे। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया। श्री वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिलने के बाद उनके घर में सोलर पैनल स्थापित किया गया। केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रूपए तथा राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रूपए की सहायता प्राप्त हुई। सोलर पैनल लगने के बाद अब उनके बिजली बिल में काफी राहत मिली है और कई बार बिजली बिल नहीं के बराबर आ रहा है।
श्री सुरेश वर्मा ने बताया कि सौर ऊर्जा से अब वे केवल बिजली के उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होने पर उसे विद्युत वितरण व्यवस्था में देकर बिजली विक्रेता की भूमिका भी निभा रहे हैं। प्रतिदिन अतिरिक्त यूनिट का उत्पादन होने से उनकी बचत के साथ आय के नए अवसर भी निर्मित हुए हैं। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल स्थापित करने के बाद प्रतिदिन 10 से 12 यूनिट का उत्पादन हो रहा है और घर में 3 से 4 यूनिट की खपत हो रही है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि सोलर पैनल के माध्यम से लगभग 8 यूनिट का प्रतिदिन विद्युत विभाग को विक्रय कर रहे हैं। जो उनके अतिरिक्त आय का जरिया बन गया है। श्री सुरेश वर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना से आम परिवारों को बिजली के खर्च से राहत मिल रही है और सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए बिजली की बचत, स्वच्छ ऊर्जा और अतिरिक्त आय तीनों का बेहतर माध्यम बन रही है। उन्होंने अन्य परिवारों से भी योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सौर ऊर्जा को अपनाने की अपील की।

About The Author