युवा अपने हौसलों को मजबूत कर लक्ष्य हासिल करें

बलौदाबाजार,13 अगस्त 2026/sns/- उच्च शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ द्वारा गुरुवार को जिला ऑडिटरियम बलौदाबाजार मे नशामुक्त विकसित भारत तथा नशामुक्त सशक्त युवा एवं संत रविदास जयंती अंतर्गत युवा नेतृत्व एवं कौशल विकास क्षमता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। वित्त मंत्री श्री ओ. पी.चौधरी मुख्य वक्ता के तौर पर इस कार्यशाला मे शामिल हुए और युवाओं को प्रेरित करते हुए जीवन में आने वाली चुनौतियों. का डटकर सामना करने और अपने तय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल,जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल उपस्थित थे।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा क़ि युवाओ मे असीम ऊर्जा निहित होते है,उस ऊर्जा को सही दिशा मे लगाने से परिवर्तन जरूर होता है। इतिहास गवाह है भारत वर्ष मे ऐसे अनेक युवा हुए हैं जिन्होंने कम आयु मे ही ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है जिसमें शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद,खुदीराम बोस,शहीद भगत सिंह जैसे विभूति शामिल हैं। उन्होंने कहा क़ि जीवन मे कोई भी कठिनाई आए तो उससे घबराकर हार नहीं मानना है बल्कि सामना करें,कठिनाई मार्ग के बाधक नहीं बल्कि साधक हैं। सड़क मे गड्ढे होते हैं तो हम चलना नहीं छोड़ते,गड्ढे से छलांग लगाकर पार होते हैं और अपने गंतव्य की ओर बढ़ जाते हैं।उन्होंने कहा क़ि युवा मन मे जूनून पैदा करें और कुछ कर गुजरने की इच्छा रखें,बिना रिस्क लिये जिंदगी मे सफलता नहीं मिलती, रिस्क लेने की क्षमता विकसित करें।

मंत्री श्री चौधरी ने कहा की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे भारत का डंका विदेशो मे बज रहा है। भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने हम सबकी सहभागिता जरुरी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मे एक समय मे केवल एक मेडिकल कॉलेज हुआ करता था लेकिन आज 20 होने जा रहा है,नर्सिंग कॉलेज 24 हो गए है। राजधानी मे कई राष्ट्रीय महत्व के संस्थान खुल गये हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान मे केवल डिग्री हासिल करने मात्र से नौकरी की गारंटी नहीं है, अब डिग्री के साथ कौशल भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकाऱ 200 युवाओ को यूपीएससी की निःशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान कर रही है। प्रदेश मे विभिन्न विभागों मे सरकारी पदों को भरने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज के दौर मे सोशल मिडिया युवाओ का पसंदीदा प्लेटफार्म है,लेकिन इसमें सकारात्मक विचारों का आदान- प्रदान होना चाहिए। युवाओ को नकारात्मक विषयो से बचना होग़ा।

राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि युवाओ मे नशा राष्ट्र के सामने एक चुनौती है,नशे की आलोचना के साथ इसे दूर करने सबको साथ आना होग़ा। उन्होंने कहा कि हम विकसित भारत 2047 के साथ आगे बाढ़ रहे है इसमें युवाओ की महती भूमिका है।उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी युवा शक्ति है, युवा नशे के चंगुल में पड़ेंगे तो राष्ट्र को नुकसान होग़ा।उन्होंने संत रविदास के प्रकट उत्सव पर कहा कि संत रविदास के बताए मार्ग पर चलाकर प्रदेश को एक विकसित और अग्रणी राज्य बनाएंगे।

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा,एसपी गौरव राय, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा,डॉ.सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा,जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं बड़ी संख्या मे युवा उपस्थित रहे।

About The Author