अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं और स्कूली बच्चों ने लगाई स्वतंत्रता दौड़

कवर्धा, 14 अगस्त 2026/sns/- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार 14 अगस्त को सुबह 7 बजे आउटडोर स्टेडियम कवर्धा से स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में अधिकारी-कर्मचारियों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए उत्साह एवं देशभक्ति के साथ सहभागिता की।
स्वतंत्रता दौड़ में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, डिप्टी कलेक्टर रूचि शार्दूल, एसडीओंपी श्री आशीष शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा बच्चे शामिल हुए। तिरंगे के साथ दौड़ते प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की प्रगति और विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर हमें देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ विकास एवं प्रगति में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज में शांति, सद्भावना और भाईचारे की भावना बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इन मार्गों से होकर गुजरी स्वतंत्रता दौड़

स्वतंत्रता दौड़ आउटडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर शासकीय स्वामी करपात्री स्कूल, सरदार पटेल मैदान, भारत माता चैक, वीर जयस्तंभ चैक, गुरुनानक चैक, मुख्य बाजार, ऋषभ देव चैक, एकता चैक, वीर जयस्तंभ चैक, भारत माता चैक एवं शासकीय स्वामी करपात्री स्कूल होते हुए पुनः आउटडोर स्टेडियम पहुंची। यहां स्वतंत्रता दौड़ का समापन हुआ। स्वतंत्रता दौड़ के दौरान पूरे मार्ग पर तिरंगा लहराते हुए खासा उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

About The Author