अग्निवीर भर्ती के लिए सीसीई उत्तीर्ण युवाओं को दिया जाएगा शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण
जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त 2026/sns/- भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती के लिए जिले के युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अग्निवीर भर्ती के लिए जिले से कुल 2429 युवाओं ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 436 युवा ऑनलाइन लिखित परीक्षा (सीसीई) में उत्तीर्ण हुए हैं। सीसीई परीक्षा उत्तीर्ण युवाओं को आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जाना है। ऐसे युवा जो शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण में शामिल होना चाहते हैं, वे अपना पंजीयन 30 अगस्त 2026 तक वेबसाइट erojgar.cg.gov.in मंे जाकर स्वयं पंजीयन कर सकते हैं अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जांजगीर चांपा वर्तमान में शासकीय आईटीआई कुलीपोटा में करा सकते है। प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को पंजीयन के समय सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी प्रवेश पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा।