असहाय महिला के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
बीजापुर, 19 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना ने नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 03 निवासी अशक्का यालम पति यालम चन्द्रैया के जीवन में नई खुशियां लाई हैं। वर्षों से कच्चे मकान में रहकर बारिश के दौरान छत से पानी टपकने सहित अनेक परेशानियों का सामना करने वाली अशक्का यालम का अब अपने पक्के मकान का सपना साकार हो गया है। अशक्का यालम की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्के मकान का निर्माण उनके लिए आसान नहीं था। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री आवास योजना के बी.एल.सी. घटक अंतर्गत ‘मोर जमीन मोर मकान’ योजना की जानकारी उन्हें नगर पंचायत भोपालपटनम के अधिकारियों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम द्वारा दी गई। इसके बाद उनका आवेदन तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया और आवास की स्वीकृति प्रदान की गई।
आर्थिक कठिनाइयों के चलते वे कई महीनों तक मकान का निर्माण शुरू नहीं कर सकीं। इसके बाद नगर पंचायत भोपालपटनम के अधिकारियों ने उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित किया तथा स्थानीय राजमिस्त्री एवं श्रमिकों से संपर्क कराया। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपने आवास का निर्माण पूर्ण किया। आज अशक्का यालम अपने पक्के मकान में सुरक्षित और खुशहाल जीवन व्यतीत कर रही हैं। वे बताती हैं कि उन्होंने कभी सपने में भी अपने पक्के मकान की कल्पना नहीं की थी, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनका यह सपना पूरा कर दिया। अपने पक्के आवास के लिए अशक्का यालम ने नगर पंचायत भोपालपटनम, राज्य शासन एवं प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।