कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुचाटोला का किया निरीक्षण
राजनांदगांव, 20 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुचाटोला का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, ओपीडी व्यवस्था, टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में स्थित वर्षों से बंद पड़े कोविड भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने इस भवन को उपयोगी बनाते हुए मरीजों के परिजनों के लिए प्रतीक्षालय के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए, ताकि उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ उपस्थित परिजनों को बैठने एवं प्रतीक्षा करने की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए एक एमबीबीएस चिकित्सक की पदस्थापना करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भवन की छत में सीपेज की समस्या पाए जाने पर उन्होंने इसकी शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने क्षेत्र में नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। कलेक्टर ने ओपीडी में उपचार कराने आए मरीजों से भी चर्चा की। उन्होंने मरीजों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति, मिल रही चिकित्सा सुविधा तथा उपचार के संबंध में जानकारी ली और स्वास्थ्य अमले को मरीजों को समय पर समुचित उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।