जिला पंचायत में योजनाओं की समीक्षा
सुकमा, 20 अगस्त 2026/sns/- मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री मुकुंद ठाकुर की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस्तर मुन्ने एवं नियद नेल्लानार 2.0 के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने व्यक्तिमूलक एवं परिवारमूलक योजनाओं में अब तक हुई प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में आधार कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र, महतारी वंदन योजना, मातृ वंदन योजना, जन्म, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा, जनधन खाता सहित किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राशन कार्ड, पीएम गरीब कल्याण, पीएम कौशल विकास, जॉब कार्ड, मृत्यु प्रमाण पत्र, जल जीवन मिशन-हर घर जल और किसान क्रेडिट कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। छब्।म्त् सर्वे के अंतर्गत शेष बचे लक्ष्यों को लेकर भी विभागवार स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शेष लक्ष्यों को रविवार तक शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्य में तेजी लाते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सर्वे से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।