आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
अम्बिकापुर, 21 अगस्त 2026/sns/- आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में फेमेक्स कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत “आपदा से तैयारी – है समझदारी” एवं “सजग नागरिक – सुरक्षित समाज” की थीम पर आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन जनपद पंचायत सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान जन-धन की सुरक्षा, त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों के प्रति जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को प्रशिक्षित करना था।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में एनडीआरएफ की टीम द्वारा जनपद क्षेत्र के सरपंचों, सचिवों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बाढ़ से बचाव, अग्निकांड की स्थिति में सुरक्षा उपाय, भूकंप के समय बरती जाने वाली सावधानियां, आकाशीय बिजली से बचाव, करंट लगने की स्थिति में प्राथमिक सहायता, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के बचाव तथा सीपीआर देने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही डूबने की स्थिति में व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने तथा प्राथमिक उपचार के संबंध में भी व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में उपस्थित सरपंच एवं सचिवों ने एनडीआरएफ की टीम के साथ संवाद करते हुए अपने क्षेत्र में आने वाली आपदाओं से संबंधित समस्याएं एवं जिज्ञासाएं साझा कीं। विशेष रूप से सर्पदंश एवं आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा एवं बचाव उपायों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। एनडीआरएफ के विशेषज्ञों ने प्रत्येक स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों एवं त्वरित कार्रवाई के बारे में बिंदुवार जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े सहित जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच एवं सचिव उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सजगता, सही जानकारी और समय पर की गई कार्रवाई से अनेक बहुमूल्य जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।