बस्तर मुन्ने के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करें

बीजापुर, 22 अगस्त 2026/sns/- बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने बीजापुर प्रवास के दौरान इंद्रावती सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ‘बस्तर मुन्ने’ के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने तथा सभी पात्र हितग्राहियों की पोर्टल में एंट्री पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बीवीजी रामजी कार्ड, श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री आवास सहित बस्तर मुन्ने के अंतर्गत चिन्हित सभी 31 सेवाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से सैचुरेशन में आ रही कठिनाइयों की जानकारी लेते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में कमिश्नर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, वनाधिकार पत्र प्रदाय स्थिति एवं वनाधिकार मान्यता पत्रों का फौती नामांतरण तथा अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई सहित अन्य राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले से बाहर प्रवासित बीजापुर के नागरिक यदि वापस जिले में लौटते हैं, तो उनकी पात्रता के अनुसार उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, ताकि उन्हें पुनः मुख्यधारा से जोड़ते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी लाभ मिल सके।

विकास कार्यों की प्रगति का प्रस्तुतिकरण

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने समीक्षा बैठक में प्राप्त निर्देशों के अनुरूप कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author