कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण
अम्बिकापुर, 25 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने मंगलवार को जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव के साथ अम्बिकापुर में राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न विभागों, निर्माण कार्यों, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने सी.जी.एम.एस.सी. द्वारा चिकित्सालय के बायोमेडिकल वेस्ट स्टोरेज एरिया के अपूर्ण निर्माण कार्य का अवलोकन करते हुए, शेष राशि आर.ई.एस. को हस्तांतरित कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार निर्माणाधीन स्टोर रूम, गार्ड रूम, शौचालय सहित अन्य कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पावर ऑडिट के अनुरूप विद्युत अभियांत्रिकी विभाग द्वारा प्रस्तुत प्राक्कलन का चिकित्सालय स्तर पर पुनः मूल्यांकन कर अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस हेतु पीडब्ल्यूडी एवं सीएसपीडीसीएल को बजट उपलब्ध कराने कहा। साथ ही 150 के.व्ही.ए. नवीन ट्रांसफार्मर की स्थापना के संबंध में प्राक्कलन प्राप्त करने को कहा गया। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केन्द्र में सीपेज प्रबंधन एवं उन्नयन से संबंधित कार्य आर.ई.एस. के माध्यम से तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र (डी.ई.आई.सी.) अम्बिकापुर के प्रथम तल में निर्माणाधीन विभिन्न वार्डों के लिए स्लैब निर्माण संबंधी प्राक्कलन प्रस्तुत करने के लिए आर.ई.एस. के उप अभियंता को निर्देशित किया। वहीं एम.सी.एच. भवन में ड्रेनेज रिपेयर एवं मरम्मत हेतु आर.ई.एस. को स्वीकृत कार्य को तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। चिकित्सालय की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी शौचालयों, वार्डों एवं पूरे परिसर की नियमित एवं बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं लेबर वार्ड एवं पी.एन.सी. वार्ड के बीच कनेक्टिंग पैसेज में हो रहे सीपेज की समस्या का उचित समाधान का अवलोकन कर नगर निगम को शीघ्र सीपेज रोकने हेतु कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों की सुविधा हेतु मेडिकल कॉलेज में नेत्र प्रत्यारोपण हेतु तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए।
नेत्रदान पखवाड़ा अंतर्गत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना-
जिले में नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 09 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस हेतु कलेक्टर श्री वसंत ने अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। रैली के माध्यम से लोगों को नेत्रदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मेश्राम, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. सी. आर्या, सिविल सर्जन डॉ. जे. के. रेलवानी सहित चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।