महतारी वंदन योजना श्रीमती उमा के जीवन में केवल आर्थिक सहायता नहीं

राजनांदगांव, 26 अगस्त 2026/sns/- महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ उनके दैनिक जीवन की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोखला निवासी 68 वर्षीय श्रीमती उमा बाई को राखी पर्व से पहले योजना की 31वीं किस्त की राशि प्राप्त हुई। राशि मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्रीमती उमा बाई ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह 1 हजार रूपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त होती है। बुजुर्ग होने के कारण दवाइयों और आवश्यक पौष्टिक आहार की जरूरत रहती है। योजना से मिलने वाली राशि इन जरूरी खर्चों को पूरा करने में उनके लिए काफी मददगार साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि त्योहारों के अवसर पर वे अपने छोटे-छोटे पोते-पोतियों के लिए खाने-पीने की चीजें और अपनी सामथ्र्य के अनुसार छोटी-छोटी खुशियां खरीदती हैं। अपने हाथ में जरूरत के समय खर्च करने के लिए पैसा होने से उन्हें आत्मविश्वास और खुशी महसूस होती है। घरेलू आवश्यकताओं के समय भी वे इस राशि का उपयोग करती हैं।
श्रीमती उमा बाई ने कहा कि जब से उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि मिलनी शुरू हुई है, तब से छोटे-मोटे खर्चों के लिए किसी से पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ती। अब वे अपनी दैनिक जरूरतों को स्वयं पूरा कर पा रही हैं और आर्थिक रूप से दूसरों पर निर्भरता कम हुई है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बनी है। राखी पर्व से पहले 31वीं किस्त मिलने से उनके लिए त्योहार की खुशी और बढ़ गई है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

About The Author