कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक

अम्बिकापुर, 27 अगस्त 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी. एस. मार्को, सिविल सर्जन श्री जे के रेलवानी सहित राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम तथा सर्वसम्बन्धित उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी कलेक्टर दी। कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए कमियों को दूर करने और स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाने कहा।

सभी पीवीटीजी परिवारों के स्वास्थ्य स्क्रीनिंग पूर्ण करने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने जिले में पीवीटीजी समुदायों हेतु जारी सार्वभौमिक  स्वास्थ्य परीक्षण एवं डिजिटल हेल्थ प्रोफाइलिंग अभियान अंतर्गत शत प्रतिशत लोगों की स्क्रीनिंग जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम पीवीटीजी परिवारों के प्रत्येक सदस्य का घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण करें, कोई भी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य परीक्षण से वंचित न रहे।

मातृ मृत्यु के कारणों की समीक्षा कर रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश-
कलेक्टर ने मातृ मृत्यु के कारणों की गहन समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा। कलेक्टर ने कहा कि मातृ मृत्यु के प्रमुख कारणों की पहचान कर उनकी रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, नियमित प्रसव पूर्व जांच, हाई रिस्क गर्भावस्था की पहचान तथा ऐसी महिलाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इस हेतु मातृ मृत्यु दर कम करने सम्बन्धी महत्वपूर्ण उपायों के लिए सभी बीएमओ को पत्र जारी करने सीएमएचओ को निर्देशित किया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव, पोषण, प्रसव पूर्व जांच तथा खतरे के लक्षणों के संबंध में जागरूक करने कहा गया।

एनआरसी में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश-
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने समीक्षा बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों की उपस्थिति एवं उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि एनआरसी में भर्ती बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा बच्चों को निर्धारित अवधि तक बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सीएमएचओ को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

ड्यूटी ऑवर में निजी प्रैक्टिस कर रहे चिकित्सकों के नर्सिंग होम पर कार्रवाई के दिए निर्देश, कार्य अवधि में चिकित्सालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें चिकित्सक-
कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में ड्यूटी ऑवर में निजी प्रैक्टिस कर रहे चिकित्सकों के नर्सिंग होम पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के स्वास्थ्य संस्थाओं में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर निर्धारित कार्य अवधि में अस्पताल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मानव संसाधन की उपलब्धता एवं भर्ती की ली जानकारी-
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में स्वीकृत एवं रिक्त पदों की स्थिति, वर्तमान में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या तथा रिक्त पदों पर की जा रही भर्ती प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रकिया में पारदर्शिता रहे, किसी प्रकार की शिकायत ना मिले। उन्होंने कहा कि अनावश्यक पदों पर भर्ती ना हो।

स्वास्थ्य केंद्र भवनों, उपकरणों, दवाईयों आदि की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की ली गई जानकारी-

बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में सोनोग्राफी सुविधा की उपलब्धता की जानकारी ली तथा कहा कि लुण्ड्रा एवं मैनपाट हेतु प्राइवेट सेंटरों से पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्भवती महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने डीएमएफ मद से स्वीकृत दो अल्ट्रासाउंड खरीदी प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने कहा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाईयों का स्टॉक रहे, ताकि मरीजों को समस्या ना हो। इस दौरान मरीजों हेतु स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। इसके साथ ही जिले में स्वास्थ्य केंद्र भवनों, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, आमजनों तक सेवाओं की पहुंच सहित अन्य महत्वपूर्ण मानकों के सम्बंध में विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा-
बैठकमें विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से वंचित हितग्राहियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाकर उन्हें निर्धारित सभी टीके लगाए जाएं।
आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना, सिकल सेल अभियान, चिरायु कार्यक्रम, एनआरसी, एन.क्यु.ए.एस सर्टिफिकेशन सहित विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कुष्ठ उन्मूलन, मलेरिया नियंत्रण, अंधत्व निवारण, तम्बाकू नियंत्रण, एनीमिया मुक्त भारत, बालस्वास्थ्यकार्यक्रमों सहित अन्य कार्यक्रमों कीसमीक्षाकरते हुए संबंधित विकास खंडों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ बनाने निर्देशित करते हुए विभाग को अपने दायित्वों का ईमानदारी के साथ निर्वहन करने कहा।

About The Author