जिला स्तरीय रोजगार मेला का हो रहा आयोजन,167 पदों पर होगी भर्ती
अम्बिकापुर, 09 सितम्बर 2026/sns/- जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, अम्बिकापुर द्वारा शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 सितम्बर 2026, मंगलवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गंगापुर, अम्बिकापुर में आयोजित होगा। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों के निजी नियोजक शामिल होकर तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों सहित लगभग 167 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगे। सरगुजा संभाग के शिक्षित बेरोजगार युवा इस रोजगार मेले में शामिल होकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल www.crojar.cg.gov.in एवं छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर अपना रोजगार पंजीयन तथा रोजगार मेले के लिए पंजीयन, दोनों करना आवश्यक है। जिन आवेदकों ने अभी तक ई-रोजगार पोर्टल पर अपना पंजीयन नहीं कराया है, वे विभागीय पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपने साथ शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गंगापुर, अम्बिकापुर में उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। जिला स्तरीय रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है। नियुक्ति एवं सेवा की शर्तों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे। रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र की भूमिका केवल सुविधाप्रदाता के रूप में है। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।